मुंबई । महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली राज्य सरकार और भाजपा के बीच तल्खी बढ़ती जा रही है। शिवसेना के प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी पर राजनीतिक दबाव के कारण राज्य सरकार के कई फैसलों पर रोक लगाने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि भाजपा की ओर से दबाव के कारण महाराष्ट्र में राजभवन और राज्य सरकार के बीच खुली जंग शुरू हो गई है।
संजय राउत ने कहा कि केंद्र सरकार राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी पर दबाव बनाकर राज्य सरकार को अस्थिर करने का प्रयास कर रही है। संजय राउत ने कहा यह शीत युद्ध नहीं है। शीत युद्ध गुप्त रूप से लड़ा जाता है। यह खुली जंग है। भाजपा की ओर से राजभवन को अपने राजनीतिक फायदे के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। यह जंग सिर्फ राज्य सरकार और राज्यपाल के बीच नहीं है। भाजपा राजभवन का अपनी तरह से इस्तेमाल कर रही है। इससे पहले शिवसेना ने यह भी कहा था कि केंद्र सरकार अगर चाहती है संविधान बरकरार रहे तो उसे राज्यपाल कोश्यारी को वापस बुला लेना चाहिए। शिवसेना ने अपने मुखपत्र सामना के माध्यम से कहा कि महा विकास आघाड़ी (एमवीए) स्थिर और मजबूत है। केंद्र राज्य सरकार को निशाना बनाने के लिए राज्यपाल के कंधों का इस्तेमाल नहीं कर सकता है।