नई दिल्ली । देश में महामारी कोरोना के घातक वायरस का एक बार फिर कहर शुरू हो गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 24 घंटों में 23,285 हजार नए कोरोना केस आए और 117 लोगों की जान चली गई है। हालांकि 15,157 लोग कोरोना से ठीक भी हुए हैं। इससे पहले बुधवार को 22,854 कोरोना केस दर्ज किए गए थे। गुरुवार को आए कुल मरीजों में 70 फीसदी मरीज अकेले महाराष्ट्र में मिले हैं। बीते दिन कोरोना से 123 लोगों की जान गई, जबकि 17 हजार मरीज रिकवर होकर घर लौटे। महाराष्ट्र में कोरोना से हालात लगातार बिगड़ रहे है। पिछले 24 घंटों में यहां 13,659 नए केस सामने आए हैं। यह संख्या कोरोना से प्रभावित टॉप-10 देशों में शामिल रूस, ब्रिटेन, स्पेन और जर्मनी में मिले नए मामलों से ज्यादा हैं। खबरों के मुताबिक, जर्मनी में 10 मार्च को 12,246, रूस में 9,079, ब्रिटेन में 5,926 और स्पेन में 6,672 मरीज मिले। इस लिहाज से ये सभी देश महाराष्ट्र से पीछे हैं।
अब देश में कोरोना के कुल मामले बढ़कर एक करोड़ 13 लाख 8 हजार 846 हो गए हैं। कुल एक लाख 58 हजार 306 लोगों की जान जा चुकी है। एक करोड़ 9 लाख 53 हजार 303 लोग कोरोना को मात देकर ठीक भी हो चुके हैं। देश में अब एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 1 लाख 97 हजार 237 हो गई है यानी कि इतने लोग अभी कोरोना संक्रमित हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, 11 मार्च को दोपहर 1 बजे तक 2.57 करोड़ लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। निजी अस्पतालों की मदद से इसमें तेजी आई है। सरकारी हेल्थ सेंटर पर 71 फीसदी और प्राइवेट में 28.77फीसदी वैक्सीनेशन हुआ है।
महाराष्ट्र में गुरुवार को 13,659 नए केस सामने आए हैं। 7,193 लोग ठीक हुए और 57 की मौत हो गई। अब तक राज्य में 22 लाख 66 हजार 374 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 21 लाख 6 हजार 400 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 52,667 मरीजों की मौत हो गई।1 लाख 6 हजार 70 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। केरल में गुरुवार को 2,133 लोग कोरोना संक्रमित मिले। 3,753 लोग ठीक हुए और 13 की जान चली गई। अब तक यहां 10 लाख 85 हजार 663 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 10 लाख 47 हजार 226 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 4,355 मरीजों की मौत हो गई। 33,785 मरीजों का इलाज चल रहा है। गुजरात में कल 710 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 451 लोग ठीक हुए। अब तक 2 लाख 75 हजार 907 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 2 लाख 67 हजार 701 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 4,418 मरीजों की मौत हो गई।3,788 मरीजों का इलाज चल रहा है। राजधानी दिल्ली में गुरुवार को 409 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 286 लोग ठीक हुए और 3 की जान चली गई। अब तक 6 लाख 42 हजार 439 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 6 लाख 29 हजार 485 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 10,934 मरीजों की मौत हो गई। 2020 मरीजों का इलाज चल रहा है।
कोरोना संक्रमितों की संख्या के हिसाब से भारत दुनिया का दूसरा सबसे प्रभावित देश है। रिकवरी दुनिया में अमेरिका के बाद सबसे ज्यादा भारत में हुई है। मौत के मामले में अमेरिका, ब्राजील और मैक्सिको के बाद भारत का नंबर है। दुनियाभर में कोरोना का संकट एक बार फिर गहराता जा रहा है। पिछले 24 घंटे में कोरोना 4.6 लाख से ज्यादा मामले सामने आए हैं। वहीं, 9 हजार से ज्यादा लोगों को महामारी की वजह से जान गंवानी पड़ी। कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित अमेरिका में बीते दिन 57,144 मामले मिले और करीब 1500 लोगों की मौत हुई। दुनिया में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 11.86 करोड़ से ज्यादा हो गया है। 9 करोड़ 43 लाख से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं। अब तक 26 लाख 35 हजार से ज्यादा लोग जान गंवा चुके हैं। दुनियाभर में फिलहाल 2 करोड़ 18 लाख से ज्यादा कोरोना मरीजों का इलाज चल रहा है।